Jaunpur news अधिवक्ताओं के सम्मान से समझौता नहीं, डीएम-एसपी को किया आगाह
अधिवक्ताओं के सम्मान से समझौता नहीं, डीएम-एसपी को किया आगाह
दीवानी बार के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
बार की प्रगति और वादकारियों को शीघ्र न्याय दिलाना प्राथमिकता : जिला जज
शपथ औपचारिकता नहीं, जिम्मेदारी का संकल्प है : एएसपी सिटी
जौनपुर। दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के सभागार में मंगलवार को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। चुनाव अधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। समारोह में अधिवक्ताओं के सम्मान की रक्षा, बार की मजबूती और वादकारियों को त्वरित न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवधेश सिंह और मंत्री मनीष कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है। उनके सम्मान पर किसी भी स्तर पर आंच बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारियों से अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि बार की एकता, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य किया जाएगा।
जिला जज सुनील कुमार शशि ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बार की प्रगति और विकास के साथ वादकारियों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए वह 24 घंटे उपलब्ध हैं। बार और बेंच के बेहतर समन्वय से न्याय व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि शपथ ग्रहण केवल शब्दों की औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। इसका उद्देश्य पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाना होना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी अधिवक्ता के सम्मान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
बार काउंसिल सदस्य अनुराग पांडेय ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए बार के हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह में पूर्व अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, सत्येंद्र सिंह, सुभाष चंद्र यादव, दिनेश प्रताप सिंह, बृजनाथ पाठक, प्रेम शंकर मिश्रा, हिमांशु श्रीवास्तव, बृजेश निषाद, निलेश निषाद,सीपी दुबे,सूर्यमणि पांडेय, अवधेश यादव, अंकित दुबे, रत्नेश अस्थाना, विनय सिंह, भारत सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह, राना प्रताप सिंह, आशुतोष उपाध्याय, विकास यादव, अजय गुप्ता, अरविंद श्रीवास्तव, प्रशांत पंकज श्रीवास्तव, वीरेंद्र सिन्हा, गोरख श्रीवास्तव, प्रवीण सिंह शोलंकी, बृजेश सिंह, अजय श्रीवास्तव, सुरेंद्र मिश्रा, राहुल तिवारी पंकज त्रिपाठी, संजीव सिंह, पुनीत शुक्ला,अतुल श्रीवास्तव और विनोद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
इन्होंने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
दीवानी अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवधेश सिंह, उपाध्यक्ष शरदेंदु चतुर्वेदी एवं अजय कुमार श्रीवास्तव, मंत्री मनीष कुमार सिंह, संयुक्त मंत्री शैलेश कुमार मिश्रा, उपमंत्री अश्विनी कुमार मिश्रा एवं अजीत कुमार यादव, ऑडिटर महेश कुमार दुबे तथा कार्यकारिणी सदस्य मोहिता मिश्रा, अजीत कुमार यादव, किरन सिंह, अमित तिवारी, प्रशांत उपाध्याय, विनोद कुमार पटेल एवं सत्येंद्र कुमार चौहान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
