Jaunpur news कबूलपुर गांव में कूड़े के ढेर और चोक नालियों से परेशान युवाओं ने उठाया फावड़ा
कबूलपुर गांव में कूड़े के ढेर और चोक नालियों से परेशान युवाओं ने उठाया फावड़ा
जफराबाद।सिरकोनी क्षेत्र के कबूलपुर गांव में सफाईकर्मी के न आने से गांव के युवाओं ने खुद गांव की सफाई करने का बीड़ा उठाया है। एक युवा को नाली साफ करता देख कई लोग इस अभियान से जुड़ गए।
विकास खंड सिरकोनी की ग्राम पंचायत कबूलपुर में सफाई के लिए एक सफाईकर्मी तैनात है। लेकिन वह अक्सर गायब रहता है, जिससे गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। गांव की नालियां भी सफाई के अभाव में चोक पड़ी हैं।
घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्तों में बह रहा था, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। गंदगी से भरी गलियों के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ रहा था।
गांववालों ने इस बारे में प्रधान से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सफाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हर स्तर पर कोशिश की, पर कोई फायदा नहीं मिला।
इसके बाद गांव के अरसलान ने सफाई का जिम्मा उठाया और रविवार को अभियान शुरू किया। अरसलान को सफाई करते देख अमन खान, रहमान खान, शाद खान और मोहम्मद जैसे अन्य ग्रामीण भी फावड़ा लेकर नालियों और रास्तों की सफाई में जुट गए। इस तरह पूरा गांव साफ हो गया।
