IMG-20260905-WA0026
Share


शिक्षक दिवस पर डॉ. सुधाकर शुक्ला को मिला ‘गुरु श्रेष्ठ सम्मान’
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. सुधाकर शुक्ला सम्मानित, मिला ‘गुरु श्रेष्ठ’ का गौरव
जौनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर के एक होटल में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में राजा श्री कृष्ण दत्त पीजी कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुधाकर शुक्ला को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए ‘गुरु श्रेष्ठ सम्मान’ से नवाजा गया।
समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने डॉ. सुधाकर शुक्ला को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षकों की भूमिका और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
राज्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने का भी कार्य करते हैं। समाज को बेहतर दिशा देने और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे गुरु का मार्गदर्शन विद्यार्थी के जीवन में लंबे समय तक प्रभाव डालता है।
सम्मान मिलने के बाद डॉ. सुधाकर शुक्ला ने आयोजकों और अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस जैसे विशेष अवसर पर प्राप्त यह सम्मान उनके लिए गौरव के साथ-साथ जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
समारोह के बाद डॉ. सुधाकर शुक्ला को उनके शुभचिंतकों, सहयोगियों और परिचितों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।