Jaunpur news जमीन विवाद में घर पर धावा, मारपीट और लूट का आरोप
जमीन विवाद में घर पर धावा, मारपीट और लूट का आरोप
थाने पर नही हुई सुनवाई तो पीड़ित ने न्यायालय की ली शरण, न्यायालय के आदेश पर सात पर प्राथमिकी दर्ज।
जौनपुर।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव में जमीन के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक पक्ष ने दूसरे के घर पर धावा बोलकर जमकर मारपीट की। लाठी-डंडे से हमले में कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र का वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार कराया गया। मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर गौराबादशाहपुर पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर निवासी संजय यादव ने आरोप लगाया कि 13 दिसंबर 2025 को जमीनी विवाद की रंजिश में आरोपित एकराय होकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए परिवार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि घर में घुसकर मारपीट करने के साथ अनाज बिखेर दिया गया तथा सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया गया। जाते समय जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित के मुताबिक घटना के बाद थाने के चक्कर लगाने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं हुआ। बाद में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
