
सरकारी राशन की दुकान पर नहीं मिला 75 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न, कोटेदार पर FIR
जौनपुर। बरसठी क्षेत्र में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था में अनियमितता का मामला सामने आया है। चकमलाई ग्राम पंचायत के उचित दर विक्रेता की दुकान के निरीक्षण में बड़ी मात्रा में खाद्यान्न का स्टॉक गायब मिला। मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक बरसठी ने 1 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत चकमलाई स्थित उचित दर की दुकान का औचक निरीक्षण किया। अभिलेखों के मुताबिक जुलाई और अगस्त माह में वितरण के बाद तथा सितंबर माह के लिए आवंटित खाद्यान्न उठान के पश्चात दुकान में 9.96 कुंतल गेहूं, 64.95 कुंतल चावल और 0.60 कुंतल चीनी का स्टॉक मौजूद होना चाहिए था।
निरीक्षण के दौरान दुकान में निर्धारित खाद्यान्न का पूरा स्टॉक शून्य पाया गया। पूछताछ करने पर उचित दर विक्रेता राजेश प्यारेलाल जैसवार ने लिखित बयान देकर स्वीकार किया कि उनकी दुकान में किसी भी प्रकार का खाद्यान्न उपलब्ध नहीं है।
मामले की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक रेनू द्विवेदी ने 3 सितंबर को थाना बरसठी में कोटेदार राजेश प्यारेलाल जैसवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके साथ ही विभागीय कार्रवाई करते हुए उचित दर दुकान का अनुबंध-पत्र निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद सरकारी खाद्यान्न के वितरण और स्टॉक में अनियमितता को लेकर विभागीय स्तर पर जांच आगे भी जारी रहने की बात कही जा रही है।















