September 2, 2026

Jaunpur news ठेले हटाने के विवाद में सड़क पर उतरे सब्जी व्यापारी, एक घंटे तक जाम में फंसी रही जनता

Screenshot_2026-09-02-20-16-41-06_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
Share

ठेले हटाने के विवाद में सड़क पर उतरे सब्जी व्यापारी, एक घंटे तक जाम में फंसी रही जनता

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में डीएम आवास के पास सब्जी के ठेले हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया। सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से लगाए जा रहे ठेलों को हटाने की बात कहे जाने के बाद सब्जी व्यापारी सड़क पर उतर आए और ठेले लगाकर मार्ग को जाम कर दिया।
व्यापारियों का आरोप था कि पुलिस एक सब्जी विक्रेता की लड़के को अपने साथ ले गई है। इसी बात को लेकर बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेताओं ने सड़क पर ठेले खड़े कर दिए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक आम लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। इस दौरान सब्जी विक्रेताओं ने ग्राहकों को सब्जी देने से भी इनकार कर दिया।
जाम की सूचना मिलते ही लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट, सदर एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।
अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाते हुए बताया कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से ठेले लगने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के लिए अगले दिन सुबह 10 बजे सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में बैठक बुलाने का आश्वासन दिया गया।
हालांकि व्यापारी तत्काल जाम समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि जिस लड़के को पुलिस अपने साथ ले गई है, उसे पहले छोड़ा जाए। पुलिस द्वारा लड़के को छोड़ने के बाद व्यापारियों ने अपना विरोध समाप्त किया और सड़क से ठेले हटाए। इसके बाद करीब एक घंटे से बाधित यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सब्जी विक्रेता सड़क पर बेतरतीब ढंग से ठेले लगाते हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को बातचीत के लिए अगले दिन सुबह 10 बजे कार्यालय बुलाया गया है। बैठक में व्यवस्था को लेकर समाधान निकाला जाएगा और व्यापारियों से निर्धारित स्थान पर ही सब्जी की दुकान लगाने की अपील की जाएगी

About Author