Jaunpur news संगठन की लंबित मांगें स्वीकार होने पर सरकार को धन्यवाद, विधान परिषद चुनाव में उतरने की तैयारी तेज
संगठन की लंबित मांगें स्वीकार होने पर सरकार को धन्यवाद, विधान परिषद चुनाव में उतरने की तैयारी तेज
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज श्री बलराम यादव जनसेवा इंटर कॉलेज, कलीचाबाद, जौनपुर में प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित करने, प्रधानाचार्यों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किए जाने तथा शिक्षकों के लिए ऑनलाइन एकल स्थानांतरण की नीति लागू किए जाने जैसी संगठन की लंबे समय से लंबित मांगों को वर्तमान सरकार द्वारा स्वीकार कर लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के प्रति बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
बैठक में वर्तमान शैक्षिक सत्र में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाने के लिए अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन की सदस्यता दिलाने तथा विद्यालय स्तर पर मंत्रियों एवं अध्यक्षों द्वारा सदस्यता अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही
आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में संगठन की भागीदारी को लेकर पदाधिकारियों ने गंभीरता से विचार-विमर्श किया। चुनाव लड़ने की तैयारी के लिए संगठनात्मक स्तर पर रणनीति तैयार करने तथा सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को सक्रिय रूप से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संगठन पूर्व में दो बार विधान परिषद चुनाव लड़ चुका है। इस बार संगठन की चुनावी रणनीति नवीन एवं प्रभावशाली होगी। संगठन शिक्षकों के मान-सम्मान, हक-अधिकार, सेवा सुरक्षा तथा वित्तविहीन शिक्षकों के हितों को प्रमुखता से लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा।
जिलाध्यक्ष राज केशर यादव ने कहा कि शिक्षकों के बीच यह भावना मजबूत हो रही है कि उनका शिक्षक विधायक वही होना चाहिए, जो स्वयं शिक्षकों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के लिए निरंतर निष्पक्ष एवं ईमानदारी से संघर्ष करता रहा हो तथा उनके सुख-दुख में सदैव खड़ा रहा हो।
जिला उपाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाल ने कहा कि आगामी विधान परिषद चुनाव लड़ने के लिए संगठन पूर्ण रूप से तैयार है।जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य राकेश कुमार ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन के पदाधिकारियों के साथ प्रत्येक शिक्षक को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटना होगा। मंडलीय मंत्री अजीत चौरसिया ने कहा कि संगठन पहले भी विधान परिषद चुनाव लड़ चुका है और उसके पास चुनाव लड़ने का अनुभव है। पिछली कमियों को दूर करते हुए इस बार आधुनिक साधनों को चुनावी रणनीति के माध्यम से प्रभावी चुनाव अभियान चलाया जाएगा। बैठक में जनपद स्तर पर शिक्षकों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड बनवाने के लिए कई विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आईडी,पासवर्ड उपलब्ध न होने से शिक्षकों में उत्पन्न नाराजगी को शीघ्र दूर कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।इसके साथ ही मानव संपदा पोर्टल पर सेवा पुस्तिका, अर्जित अवकाश एवं चिकित्सा सुविधा संबंधी अभिलेखों को अपडेट कराने, विद्यालयों में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची एवं एनपीएस रजिस्टर को शीघ्र पूर्ण कराकर प्रमाणित कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि शिक्षकों के अभिलेख एवं देयकों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में पूर्व जिला मंत्री शैलेंद्र कुमार, अर्जुन यादव, डॉ. कमला प्रसाद यादव, डॉ. नागेंद्र प्रसाद यादव, जिला संयुक्त मंत्री विजय प्रकाश गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन द्वारा विधान परिषद चुनाव लड़ने का समर्थन किया।
बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान तथा आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. चन्द्रसेन, कुन्दन जायसवाल, राजेश कुमार, डॉ. कमला प्रसाद यादव, राजकुमार यादव, अर्जुन सिंह, राकेश कुमार, शैलेंद्र कुमार, डॉ. नागेंद्र प्रसाद, अरविंद कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन प्रांतीय मंत्री कमल नयन ने किया
