Jaunpur news छात्र को कक्षा में बंद छोड़ने के मामले में बीएसए समीर की बड़ी कार्रवाई, शिक्षिका निलंबित

Share

जौनपुर: छात्र को कक्षा में बंद छोड़ने के मामले में बीएसए समीर की बड़ी कार्रवाई, शिक्षिका निलंबित

जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव (विकासखंड सिरकोनी) में कक्षा-2 के छात्र के कक्षा में बंद रह जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने तत्काल प्रभाव से सहायक अध्यापिका श्रीमती कृष्णा कुमारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
बीईओ सिरकोनी की आख्या के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि विद्यालय में कक्षा-2 का छात्र विपिन निषाद कक्षा के अंदर बंद रह गया है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह तथ्य सही पाया गया कि छात्र कक्षा के अंदर बंद रह गया था।
घटना के बाद छात्र के अभिभावकों ने विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीर मानते हुए बीएसए समीर ने संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में श्रीमती कृष्णा कुमारी को उच्च प्राथमिक विद्यालय परियांव (सिरकोनी) से संबद्ध किया गया है। वहीं, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को सौंपी गई है। बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि जांच निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

About Author