August 17, 2026

Jaunpur news बेकाबू XUV ने मचाई तबाही, छह वाहन चकनाचूर अस्पताल के बाहर बैठे युवक की दर्दनाक मौत

Share

जौनपुर में बेकाबू XUV ने मचाई तबाही, छह वाहन चकनाचूर अस्पताल के बाहर बैठे युवक की दर्दनाक मौत

जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार XUV कार ने भीषण हादसे को अंजाम दे दिया। गुरैनी बाजार के पास स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल के सामने अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चढ़ गई, जिससे छह वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में अस्पताल के बाहर बैठे एक युवक की जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जौनपुर की ओर से शाहगंज जा रही XUV कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। कार पहले सड़क किनारे खड़ी पांच मोटरसाइकिलों को रौंदती हुई आगे बढ़ी और फिर एक स्कॉर्पियो से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के बनहवा महादेव गांव निवासी 19 वर्षीय करन बिंद पुत्र गणेश बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि करन अपनी बहन को इलाज के लिए आरोग्यम हॉस्पिटल लेकर आए थे। बहन अस्पताल के अंदर डॉक्टर को दिखा रही थी, जबकि करन बाहर मोटरसाइकिल पर बैठकर उसका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार XUV ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

About Author