Jaunpur news सड़क हादसे में घायल कक्षा 6 की छात्रा ने तोड़ा दम, तीन दिन बाद ट्रॉमा सेंटर में मौत से गांव में मातम

Share

जौनपुर सड़क हादसे में घायल कक्षा 6 की छात्रा ने तोड़ा दम, तीन दिन बाद ट्रॉमा सेंटर में मौत से गांव में मातम

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बाकराबाद बाजार के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। घटना के तीन दिन बाद बच्ची के निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, बाकराबाद गांव निवासी अनुष्का प्रजापति (11), पुत्री अरविंद प्रजापति, मंगलवार को सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। वहां तीन दिनों तक चले उपचार के बावजूद गुरुवार को अनुष्का ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि अनुष्का कक्षा छह की छात्रा थी और अपने परिवार में तीन बहनों व एक भाई के बीच दूसरे स्थान पर थी। उसके पिता अरविंद प्रजापति दिहाड़ी मजदूर हैं, जबकि मां सुमन भी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं।

बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम की मौत की खबर से पूरे बाकराबाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम और सड़क पार करने वालों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

About Author