Jaunpur news ट्रैक्टर से गिरकर मां-बेटा आए पहिए की चपेट में, पांच वर्षीय मासूम की मौत

Share


ट्रैक्टर से गिरकर मां-बेटा आए पहिए की चपेट में, पांच वर्षीय मासूम की मौत
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ की रहने वाली 27 वर्षीय आरती देवी क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करती हैं। सोमवार की रात वह ट्रैक्टर पर सवार होकर ईंट उतारने के बाद वापस भट्ठे पर लौट रही थीं। इस दौरान उनका पांच वर्षीय बेटा ओम प्रकाश भी उनकी गोद में था।
बताया जा रहा है कि सिकरारा-बरईपार मार्ग स्थित गोदाम चौराहे के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से आरती देवी अपने बच्चे सहित चलती ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ीं। गिरते ही दोनों ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मासूम ओम प्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

About Author