Jaunpur news आधी रात धावा बोलकर भैंस चोरी, विरोध करने पर बरसाए पत्थर; CCTV में कैद सफेद पिकअप
आधी रात धावा बोलकर भैंस चोरी, विरोध करने पर बरसाए पत्थर; CCTV में कैद सफेद पिकअप
जौनपुर। जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला छुंछा गांव का है, जहां देर रात बदमाशों ने घरों के बाहर बंधे मवेशियों को निशाना बनाते हुए एक भैंस लादकर फरार हो गए। विरोध करने पर ग्रामीणों पर ईंट-पत्थर भी चलाए गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम शिरोमणि यादव का परिवार रात में भोजन के बाद सो गया था। घर के बाहर बरामदे में भैंसें बंधी थीं। इसी दौरान आधी रात को मुंह ढंके कुछ लोग पिकअप वाहन से पहुंचे और एक भैंस खोलकर वाहन में लाद ली। इसके बाद चोर पास ही नंदू चौरसिया के घर पहुंचे और दूसरी भैंस को भी खोलकर ले जाने लगे।
बताया जा रहा है कि जब चोर दूसरी भैंस को वाहन में चढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, तभी वह जोर-जोर से रंभाने लगी। इस दौरान उसकी पूंछ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और खून बहने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए और टॉर्च लेकर मौके की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने ग्रामीणों पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया और घायल भैंस को छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि एक भैंस अपने साथ ले गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पीछा करने की कोशिश की और बताया कि सफेद रंग की पिकअप भैंस लादकर छबीलेपुर की दिशा में भागती देखी गई। पास के पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी भैंस ले जाते हुए पिकअप कैद हुई है।
पीड़ित परिवार ने रात में ही डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित का कहना है कि कुछ दिन पहले कुछ लोग खुद को पशु व्यापारी बताकर भैंस खरीदने आए थे, लेकिन मना करने के बाद यह घटना हुई।
गौरतलब है कि सरायख्वाजा क्षेत्र में चार दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले कुकुड़ीपुर गांव में भी भैंस चोरी के दौरान फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के पशुपालकों में भय का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे
