Jaunpur news पत्रकारों के हक की लड़ाई तेज करेगा उपज, प्रांतीय अधिवेशन के बाद बनी नई रणनीति: वीरेंद्र चतुर्वेदी

Share


पत्रकारों के हक की लड़ाई तेज करेगा उपज, प्रांतीय अधिवेशन के बाद बनी नई रणनीति: वीरेंद्र चतुर्वेदी

भदोही। उत्तर प्रदेश संगठन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) के प्रांतीय अधिवेशन के बाद संगठन ने पत्रकारों के अधिकारों को लेकर अपनी रणनीति को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। प्रांतीय मंत्री एवं भदोही जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन स्तर पर ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।
रविवार को अधिवेशन से लौटने के बाद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जो पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्षों से लंबित पत्रकार हित से जुड़े प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उन पर निर्णय कराने का प्रयास किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संगठन आंदोलन का रास्ता भी अपनाएगा।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद में आयोजित प्रांतीय अधिवेशन में ‘मुरादाबाद संकल्प पत्र’ जारी किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित करते हुए उस पर अमल करने का निर्णय लिया गया। अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समाज को दिशा देने में पत्रकारों की कलम महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में जौनपुर के जिला अध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हसनैन कमर दीपू तथा भदोही टीम द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। अधिवेशन में पत्रकारों के लिए चिकित्सा सुरक्षा, आवास सुविधा और वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन देने जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। संगठन ने यह भी बताया कि अन्य राज्यों की तर्ज पर इन सुविधाओं को लागू कराने के लिए आगे व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।

About Author