Jaunpur news जिलाधिकारी ने किया जन सेवा केंद्र का निरीक्षण, किसानों से ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कराने की अपील की
जिलाधिकारी ने किया जन सेवा केंद्र का निरीक्षण, किसानों से ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कराने की अपील की
जौनपुर जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने मड़ियाहूँ तहसील क्षेत्र में जमालापुर स्थित ‘नवीन जन सेवा केंद्र’ (CSC) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन सेवा केंद्र पर चल रहे ‘फार्मर रजिस्ट्री’ के कार्य की प्रगति का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य होगी। भविष्य में शासन की समस्त कृषि योजनाओं को इसी फॉर्मर रजिस्ट्री से लिंक किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे अपने-अपने गाँवों में आयोजित होने वाले कैंपों में जाकर या संबंधित लेखपाल से संपर्क कर अपनी फार्मर रजिस्ट्री जल्द से जल्द पूर्ण करा लें और यदि किसी किसान के खतौनी और आधार के विवरण में कोई विसंगति या त्रुटि है, तो उसका निराकरण भी लेखपाल और राजस्व टीम के माध्यम से तत्काल कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों और राजनीतिक प्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया ताकि कोई भी पात्र किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर किसान सीधे लेखपाल, तहसीलदार या उप-जिलाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मड़ियाहूँ नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार, व अन्य प्रशासनिक अधिकारी सहित स्थानीय जन उपस्थित रहे।
