Jaunpur news वार्षिकोत्सव में बच्चों को किया गया सम्मानित

Share

वार्षिकोत्सव में बच्चों को किया गया सम्मानित
जौनपुर। विकास खंड नगर क्षेत्र स्थित राजकीय कन्या बेसिक स्कूल में शारदा संगोष्ठी एवं विद्यालय वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कक्षा पांच के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह एवं वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके बाद विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा। इस दौरान कक्षा पांच के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। विद्यालय परिवार की ओर से उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही परीक्षा परिणाम घोषित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अन्य बच्चों को भी प्रेरित करने के उद्देश्य से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया। अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाएं पूनम सिंह, श्रेया श्रीवास्तव एवं मंजू सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

About Author