Jaunpur news जौनपुर में चोरी के दौरान फायरिंग, विरोध करने पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

IMG-20260329-WA0051
Share


जौनपुर में चोरी के दौरान फायरिंग, विरोध करने पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

जौनपुर के तेजी बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए, जब चोरी के इरादे से आए बदमाशों ने विरोध करने पर एक ग्रामीण को गोली मार दी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गडाबागरायसेनी गांव निवासी 35 वर्षीय अवधेश कुमार यादव अपने घर के बाहर सो रहे थे। देर रात करीब 1 बजे टाटा मैजिक वाहन से सवार होकर आधा दर्जन से अधिक बदमाश वहां पहुंचे और चोरी का प्रयास करने लगे। आहट मिलने पर अवधेश की नींद खुल गई और उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया।
विरोध से बौखलाए बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली अवधेश के बाएं जांघ में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।