Jaunpur news जौनपुर में पत्नी की हत्या से सनसनी, पति पर नशे में पीट-पीटकर मारने का आरोप, दहेज विवाद भी आया सामने
जौनपुर में पत्नी की हत्या से सनसनी, पति पर नशे में पीट-पीटकर मारने का आरोप, दहेज विवाद भी आया सामने
जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शशि पटेल रात में खाना खाने के बाद अपनी पत्नी सुनीता पटेल (28 वर्ष) के साथ कमरे में गया था। बताया जा रहा है कि शशि शराब के नशे में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि गुस्से में आकर पति ने पत्नी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना शशि के पिता तिलकधारी पटेल ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके अनुसार, पांच लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार दबाव बनाया जाता था। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
बताया जा रहा है कि सुनीता की शादी वर्ष 2017 में हुई थी और उसके एक पांच वर्षीय बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
