Jaunpur news गजेन्द्रपुर में पीपा पुल के पास सड़क निर्माण पर विवाद, ग्रामीणों का विरोध

Share

गजेन्द्रपुर में पीपा पुल के पास सड़क निर्माण पर विवाद, ग्रामीणों का विरोध
जौनपुर/बदलापुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के गजेन्द्रपुर ग्राम सभा में गोमती नदी पर बन रहे पीपा पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन पुल तक पहुंचने वाली सड़क को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में मनमानी और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि सुल्तानपुर जिले के कादीपुर विधानसभा क्षेत्र की ओर से गजेन्द्रपुर गांव में सड़क निर्माण कार्य गोमती नदी के किनारे तक कराया जा रहा है, लेकिन यह कार्य पुल से लगभग 20 मीटर पहले ही रोक दिया गया है। लोगों के अनुसार, यदि सड़क को मात्र 20 मीटर और बढ़ा दिया जाए तो पुल तक सीधा और सुगम संपर्क स्थापित हो सकता है, जिससे आवागमन में बड़ी सुविधा होगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन तरीके से कराया जा रहा है। इस संबंध में कादीपुर के विधायक राजेश गौतम से भी शिकायत की गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
वहीं दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्रा की सराहना की, जिनके प्रयास से वर्षों से लंबित पीपा पुल का निर्माण कार्य संभव हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी और सुल्तानपुर के जनप्रतिनिधियों तथा पूर्व सांसद मेनका गांधी से भी कई बार आग्रह किया गया था, लेकिन कार्य पूरा नहीं हो पाया था।
मौके पर विरोध कर रहे ग्रामीणों में नीलेश सिंह (तोयज), भूपेंद्र कुमार सिंह पिंटू, अमरनाथ निषाद (पूर्व प्रधान), दयाराम (बीडीसी), अखिलेश सिंह (कोटेदार), राकेश सिंह, आचार्य रामचंद्र पांडे ‘पिंटू महाराज’ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और शेष 20 मीटर सड़क का निर्माण कर पुल तक समुचित संपर्क सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को इसका पूरा लाभ मिल सके।

About Author