Jaunpur news महिला को भगाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में मारपीट—दो घायल, एक की हालत गंभीर
जौनपुर में महिला को भगाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में मारपीट—दो घायल, एक की हालत गंभीर
जौनपुर।
जनपद के सुजानगंज थाना क्षेत्र के सर्वेमऊ गांव में एक महिला को भगाने के मामले ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई तीखी झड़प में जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों ओर से लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार की पत्नी को लेकर कुछ दिनों से फरार था। हाल ही में उसके वापस लौटने की सूचना महिला के ससुराल पक्ष को मिली। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जब ससुराल पक्ष के लोग गांव पहुंचकर जवाब-तलब करने लगे, तो कहासुनी अचानक विवाद में बदल गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इस घटना में एक पक्ष से शिवकुमार गौतम (45) और दूसरे पक्ष से तीर्थराज गौतम घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में जांच के दौरान शिवकुमार की हालत गंभीर पाई गई, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी फूलचंद पांडेय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
