Jaunpur news कोदहूं के पास दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में जा घुसी रोडवेज बस, चालक की मौत, 9 यात्री गंभीर
कोदहूं के पास दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में जा घुसी रोडवेज बस, चालक की मौत, 9 यात्री गंभीर
मुंगरा बादशाहपुर (जौनपुर)। प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोदहूं गांव के पास सिविल लाइंस डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और तेज धमाके से आसपास के लोग नींद से जाग उठे।
इस हादसे में बस चालक सतीश गुप्ता (45 वर्ष) निवासी खुटहन थाना क्षेत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस प्रयागराज से टांडा की ओर करीब 35 यात्रियों को लेकर जा रही थी। जैसे ही वाहन कोदहूं के समीप पहुंचा, अचानक नियंत्रण खो बैठा और खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस दुर्घटना में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद यादव और नीरज बिंद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
