Jaunpur news तिलकधारी पीजी कॉलेज में हिंदी विभाग का भव्य परिचय समारोह, नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत

Share


तिलकधारी पीजी कॉलेज में हिंदी विभाग का भव्य परिचय समारोह, नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत
जौनपुर। तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हिंदी विभाग में नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत एवं परिचय के लिए एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एमए प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को विभागीय माहौल से परिचित कराना और उनके शैक्षणिक मार्गदर्शन को मजबूत बनाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. राजदेव दुबे व अन्य शिक्षकों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, मेहनत और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की सलाह दी। वहीं विभागाध्यक्ष प्रो. राजदेव दुबे ने हिंदी भाषा व साहित्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रो. सुषमा सिंह, डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रो. पुष्पा सिंह, डॉ. ओम प्रकाश सिंह और डॉ. वंदना सिंह ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान एमए प्रथम वर्ष की छात्रा खुशबू यादव को ‘मिस फ्रेशर’ और आशीष मौर्य को ‘मिस्टर फ्रेशर’ चुना गया।
समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही। छात्रों ने भी मंच के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन श्रुति विश्वकर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बाल विकास यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

About Author