Jaunpur news जोनल स्तरीय निरंकारी इंग्लिश मीडियम समागम सम्पन्न, मिला संदेश – “प्रेम ही सर्वोत्तम भाषा”
जोनल स्तरीय निरंकारी इंग्लिश मीडियम समागम सम्पन्न, मिला संदेश – “प्रेम ही सर्वोत्तम भाषा”
जौनपुर, 5 सितंबर 2025 – निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की प्रेरणा से देशभर में हो रहे इंग्लिश मीडियम समागमों की श्रृंखला के अंतर्गत नौपेड़वा स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन पर जोनल स्तरीय समागम आयोजित किया गया। इसमें जनपद की 43 शाखाओं से बड़ी संख्या में बच्चे, बहनें और महापुरुष शामिल हुए।
लखनऊ से पधारी केंद्रीय प्रचारिका डॉ. रिदम जी ने कहा कि मानव तन पाकर परमात्मा की जानकारी करना ही सर्वोत्तम कर्म है। परमात्मा की पहचान के बाद ही इंसान के व्यवहार और बोली में परिवर्तन आता है तथा जीवन में नम्रता और भक्तों जैसे गुण समाहित होते हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी माध्यम से भी सत्संग का सत्य संदेश युवाओं तक पहुँचाया जा सकता है, जिससे भाषा के प्रति संकोच दूर होता है।
उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा जी के संदेश को साझा करते हुए कहा कि भाषा चाहे कोई भी हो, लेकिन सबसे श्रेष्ठ भाषा प्रेम की भाषा है, क्योंकि प्रेम ही इंसान की सच्ची अभिव्यक्ति है। अंग्रेजी एक अंतरराष्ट्रीय भाषा है और इसके माध्यम से सत्य संदेश विश्वभर में सहज रूप से पहुँच सकता है।
समागम में भजनों, समूह गीतों, कविताओं और विचारों के माध्यम से सतगुरु माता जी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में संयोजक श्री सूर्यकुमार यादव ने संगत का स्वागत व आभार व्यक्त किया। निरंकारी सेवा दल के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

