Jaunpur news बंजरभूमि पर अतिक्रमण पर कार्रवाई का निर्देश
बंजरभूमि पर अतिक्रमण पर कार्रवाई का निर्देश
गौराबादशाहपुर में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण का मामला
गौराबादशाहपुर, जौनपुर।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में बंजर खाते की जमीन पर कुछ भू माफियाओं की मिली भगत से खुले आम अवैध कब्जा किया जा रहा हैं। हैरत की बात यह है कि माननीय उच्च न्यायालय से उक्त भूमि का स्थगन आदेश भी जारी हुआ है। बावजूद इसके सरकारी जमीन पर खुलेआम कब्जा करना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
गौराबादशाहपुर नगर पंचायत के निवासी वीरेंद्र गुप्ता पुत्र लालजी गुप्ता ने शनिवार को गौराबादशाहपुर थाना पर आयोजित थाना समाधान दिवस पर पहुंच कर एक प्रार्थना पत्र दिया।
जिसमें उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गौराबादशाहपुर बाईपास हाईवे पर नगर पंचायत की बंजर खाते की करोड़ों की सरकारी जमीन है।
जिस पर कुछ लोग अवैध ढंग से निर्माण कर अवैध कब्जा कर रहे हैं। जो लोग इस तरह अवैध कब्जा करके निर्माण कार्य कर रहे हैं उनके पूछे कुछ भू माफियाओं की बड़ी साजिश है। जब कभी भी कोई शिकायतकर्ता अधिकारियों से कहता है तो विभाग के कुछ कर्मचारी मिली भगत करके गलत रिपोर्ट भी लगा देते हैं।
इससे अवैध कब्जा करने वालों का मन दिनों दिन बढ़ता जा रहा है।
जिस पर समाधान दिवस पर मौजूद नायब तहसीलदार केराकत अमित सरोज ने लेखपाल और थानाध्यक्ष को जांच कर विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वीरेंद्र गुप्ता का यह भी कहना है कि कोर्ट से स्टे के बावजूद भू माफिया कब्जा करते जा रहे हैं।
लेकिन प्रशासन सरकारी जमीन नहीं बचा पा रही है।
