Jaunpur news प्रदर्शनी में प्रदर्शित हुआ अहिल्याबाई होल्कर के सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक योगदान का अनुपम उदाहरण
प्रदर्शनी में प्रदर्शित हुआ अहिल्याबाई होल्कर के सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक योगदान का अनुपम उदाहरण
जौनपुर।
Jaunpur news लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला कार्यालय पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके द्वारा किए गए सेवा कार्यों, सुशासन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा जनकल्याणकारी नीतियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।


प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि, भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी तथा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित रहे।
नारी सशक्तिकरण और पुनर्जागरण की प्रतीक रहीं अहिल्याबाई
मुख्य अतिथि राकेश त्रिवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर न केवल एक न्यायप्रिय और कुशल प्रशासक थीं, बल्कि वे सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक पुनर्जागरण की प्रतीक भी थीं। उन्होंने बताया कि रानी अहिल्याबाई द्वारा संचालित प्रशासन में न्याय, सेवा और समर्पण के उच्च आदर्श स्थापित किए गए, जो आज भी अनुकरणीय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर में महिला जनसंवाद, विचार गोष्ठियां, प्रतियोगिताएं और जनजागरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि रानी अहिल्याबाई की प्रेरणादायक गाथा जन-जन तक पहुंचे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की “विकास भी, विरासत भी” की नीति की चर्चा करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी न सिर्फ अतीत की प्रेरणा है, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी दिशा देने वाली है।
अहिल्याबाई का योगदान आज भी प्रेरणास्रोत
भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति की पुजारिन और राष्ट्रनिर्माण की एक महान साधिका थीं। उन्होंने काशी विश्वनाथ से लेकर सोमनाथ तक देश के लगभग 10,000 मंदिरों का जीर्णोद्धार कर धार्मिक सांस्कृतिक स्थलों को पुनर्जीवित किया। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन नारी सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और गरीब, दलित, वंचित वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने बताया कि भाजपा इस अवसर को केवल स्मृति समारोह तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इस अवसर पर केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों को भी आम जनमानस के बीच पहुंचाएगी।
उपस्थित रहे कई गणमान्य भाजपा नेता
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के अनिल गुप्ता, भूपेंद्र पांडेय, सुरेन्द्र मिश्र समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन दर्शन और कार्यों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
