आशाओं को “ई-कवच” ट्रेनिंग दिलवा सीएचओ कराएँ फेमिली सर्वे –सीएमओ

आशाओं को “ई-कवच” ट्रेनिंग दिलवा सीएचओ कराएँ फेमिली सर्वे –सीएमओ
प्रशिक्षण
सीएचसी जलालपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम को सीएमओ ने किया संबोधित
मास्टर ट्रेनर बनकर सीएचओ क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं को देंगे प्रशिक्षण,
अब सभी सीएचओ की 15 से दर्ज होगी आनलाइन उपस्थिति
जौनपुर, 13अक्टूबर 2022
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ लक्ष्मी सिंह गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलालपुर पहुंचीं और केंद्र पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को दिए जा रहे ई-कवच एप के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुईं। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी सीएचओ को अपने-अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को ई-कवच की ट्रेनिंग दिलवाकर क्षेत्र का फेमिली सर्वे करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अब सभी सीएचओ को अपने उपकेंद्र पर आनलाइन उपस्थित दर्ज करवानी होगी। इसके लिए डाटा फीडिंग का काम चल रहा है। 15 अक्टूबर से आनलाइन उपस्थित का काम शुरू हो जाएगा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी (एमओआईसी) डॉ आलोक कुमार सिंह ने कहा कि सभी सीएचओ को मास्टर ट्रेनर बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। वह अपने क्षेत्र में जाकर आशा कार्यकर्ताओं को ई-कवच एप्लीकेशन पर इस संबंध में प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद आशा कार्यकर्ता ई-कवच अप्लीकेशन पर क्षेत्र में जाकर सर्वे करेंगी। वह अपने क्षेत्र के सभी परिवारों की ई-कवच एप्लीकेशन पर एंट्री करेंगी। परिवार के सदस्यों का नाम, आधार नम्बर, गर्भवती व टीकाकरण से छूटे बच्चों की एंट्री करेंगी। वहीं सीएचओ को क्षेत्र के गैर -संचारी रोगों (एनसीडी) के मरीजों के सी-बैक फॉर्म भरवाना होगा। उन्हें शुगर, रक्तचाप, मधुमेह आदि के रोगियों का डिटेल दर्ज करवाना होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम को स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी (एचईओ) राकेश कुमार चौबे, ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह, ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (बीसीपीएम) अजीत यादव ने संबोधित किया।
