बालक – बालिकाओं के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों में दिखी स्पर्धा

बालक – बालिकाओं के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों में दिखी स्पर्धा
5,312 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुआ स्वस्थ बालक–बालिका प्रतियोगिता का आयोजन
पोषण माह
- छह माह से पांच वर्ष तक के 4.42 लाख बच्चों ने लिया भाग
- प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर 15,936 बच्चे स्वस्थ घोषित
- अब गांधी जयंती पर मिलेगा पुरस्कार
जौनपुर, 22 सितंबर 2022 । स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता गुरुवार को जनपद के 5,312 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित हुई जिसमें छह माह से पांच वर्ष तक के तकरीबन 4.42 लाख बच्चों ने प्रतियोगिता किया। प्रतियोगिता में 15,936 बच्चों का प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता को लेकर अभिभावकों में भी जबरदस्त उत्साह रहा। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) डॉ आरबी सिंह ने दी।
डीपीओ ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों में प्रतिस्पर्धा थी लेकिन मानकों को ध्यान में रखते हुए 15,936 बच्चे स्वस्थ चयनित किए गए। इन बच्चों का चयन निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया। इन मानकों में मासिक वृद्धि निगरानी के लिए पांच अंक, व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए 10 अंक, पोषण श्रेणी के लिए 10 अंक, आहार की स्थिति के संबंध में 10 अंक, टीकाकरण के लिए 10 अंक, डीवार्मिंग (पेट के कीड़े निकालने) के लिए पांच अंक निर्धारित किया गए। इस तरह से प्रतियोगिता के लिए कुल 50 अंक निर्धारित किये गए जिनके आधार पर बच्चे चयनित हुए। विजेता बच्चों को दो अक्टूबर गांधी जयंती पर पुरस्कृत किया जाएगा। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य सुपोषित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना का साकार करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने और पोषण की महत्ता पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। ज्यादातर केन्द्रों पर विजेता बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए संबन्धित बाल विकास परियोजना अधिकारी ने टाफी, बिस्कुट या बच्चों की पसंद का कोई दूसरा उपहार दिया।
मछलीशहर ब्लाक के आंगनबाड़ी केंद्र जमालपुर पर राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें ऋषभ (तीन वर्ष आठ माह) को प्रथम, वंश (दो वर्ष) को द्वितीय व रुद्र (तीन वर्ष) को तृतीय स्थान मिला। इन बच्चों को बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) दीपक प्रताप चौबे ने चॉकलेट और बिस्कुट आदि देकर उत्साह बढ़ाया। मछलीशहर के सीडीपीओ दीपक प्रसाद चौबे ने बताया कि ब्लाक के समस्त 273 आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वस्थ बालक बालिका प्रतियोगिता हुई। इस दौरान बच्चों का वजन और लम्बाई नापी गई। उम्र के अनुसार टीकाकरण किया गया। साथ ही अनुपूरक पोषाहार ही बांटा गया।
