जिले के चार आंगनबाड़ी केंद्रों को मिली नए भवन की सौगातलोकार्पण

जिले के चार आंगनबाड़ी केंद्रों को मिली नए भवन की सौगात
लोकार्पण
- नाहरमऊ, नाऊपुर, किरतापुर व रायपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन का हुआ लोकार्पण
- विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू तथा सांसद प्रतिनिधि संदीप द्विवेदी ने किया लोकार्पण
जौनपुर, 16 सितंबर 2022 । प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन लखनऊ के सभागार में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत 199 आंगनबाड़ी केंद्रों का शिलान्यास एवं 501 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया। उन्होंने सक्षम पुस्तिका का विमोचन, सहयोग एप तथा बाल पिटारा एप की लॉंचिंग भी की। इस कार्यक्रम में जनपद के चार आंगनबाड़ी केंद्रों नाहरमऊ, नाऊपुर, किरतापुर तथा रायपुर आंगनबाड़ी केंद्रों का भी लोकार्पण किया गया।
इस संबंध में कलक्ट्रेट सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू, लोकसभाई सीट मछलीशहर से सांसद बीपी सरोज के प्रतिनिधि संदीप द्विवेदी तथा अपर जिलाधिकारी राम प्रकाश उपस्थित रहे। जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण बृजेश सिंह प्रिंशू तथा संदीप द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर मुख्य सेविका तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) डॉ आरबी सिंह ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 5321 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं जिसमें से अभी तक 641 आंगनबाड़ी केंद्र ही अपने स्वयं के भवन में चल रहे थे। इन चार नए आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन मिल जाने से अब जनपद में 645 आंगनबाड़ी केंद्र अपने स्वयं के भवन में संचालित होने लगे हैं। शेष केंद्र पंचायत भवन, सरकारी स्कूलों के भवन आदि जगहों से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सक्षम पुस्तिका आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का क्षमतावर्धन करेंगी। सहयोग एप आंगनबाड़ी केंद्रों के सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करने का एप है। बाल पिटारा एप के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को प्रीस्कूल शिक्षा देने में मदद मिलेगी।
डीपीओ ने बताया कि एक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में सात लाख रुपए की लागत आई है। इसमें मनरेगा की ओर से 4.46 लाख रुपए, पंचायत विभाग का 1.06 लाख रुपए और बाल विकास विभाग के दो लाख रुपए का अंश है। कार्यक्रम का संचालन सिरकोनी के बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) मनोज कुमार वर्मा ने किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
