February 23, 2026

सिरकोनी के गांवों में बच्चों को दी गई विटामिन-ए की खुराक अभियान

Share

– नौ माह से पाँच साल तक के बच्चों को बीमारियों से सुरक्षा देगी विटामिन –ए व आयरन सीरप

  • बुधवार और शनिवार को चलने वाले 422 सत्रों के माध्यम से पूरा होगा लक्ष्य
    जौनपुर, 12 अगस्त 2022 । जनपद में तीन अगस्त से चल रहे विटामिन ए संपूरण’ कार्यक्रम बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत बाल विकास परियोजना सिरकोनी के गांव सेहमलपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीरज मिश्रा ने सिद्धार्थ की बेटी जाह्नवी (तीन वर्ष) तथा उनके बेटे जीवांश (एक वर्ष), अजय की बेटी अर्पिता (दो वर्ष), राकेश की बेटी दिव्यांशी (दो वर्ष), मुकेश के बेटे शिवांश (एक वर्ष) और शिवा (एक वर्ष) को विटामिन ए की खुराक पिलाई ।
    जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डा नरेंद्र सिंह ने बताया कि विटामिन ए संपूरण’ कार्यक्रम के तहत बाल स्वास्थ्य पोषण माह साल में दो बार चलाया जाता है। अभियान का पहला चरण अगस्त में चलाया जा रहा है। इसमें नौ माह से पाँच साल तक के बच्चों को कई तरह की बीमारियों से बचाने के लिए इस अभियान के तहत विटामिन –ए व आयरन सीरप से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में नौ माह से पाँच वर्ष तक के 4.85 लाख बच्चों को विटामिन – ए से लाभान्वित करना है। इसके सापेक्ष अभी तक करीब ढाई लाख बच्चों को विटामिन ए पिलाई जा चुकी है। बुधवार और शनिवार को चलने वाले 422 टीकाकरण सत्रों के माध्यम से इस लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही सात माह से पाँच वर्ष तक के बच्चों को आयरन सीरप पिलाना, बच्चों का वजन लेना, एक घंटे के अंदर और छह माह तक सिर्फ स्तनपान को लेकर जन जागरूकता, गर्भवती को आयोडीन युक्त की नमक के सेवन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बच्चों के नियमित टीकाकरण पर भी ज़ोर दिया जा रहा है। अतिकुपोषित बच्चों और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को आयरन सीरप नहीं पिलाना है।
    बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि सिरकोनी के विभिन्न गाँव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नौ माह से पाँच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए पिलाने की जिम्मेदारी निभा रही हैं। बच्चों की ड्यूलिस्ट आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता मिलकर तैयार करतीं हैं। वीएचएसएनडी के सत्रों पर बच्चों विटामिन ए की खुराक पिलाई जा रही है। अगस्त के अंत तक सभी बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिला दी जाएगी। ताला मझवारा और सेहमलपुर की एएनएम उर्मिला ने बताया कि अगस्त में कुल आठ वीएचएसएनडी सत्र आयोजित होंगे जिसमें आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता के माध्यम से बच्चों को बुलाकर नौ माह से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिला दी जाएगी।
    डीआईओ डा नरेंद्र सिंह तथा सीडीपीओ मनोज कुमार वर्मा ने नौ माह से पांच वर्ष तक की उम्र के बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को बुधवार और शनिवार को वीएचएसएनडी सत्र पर ले जाकर उन्हें विटामिन ए जरूर पिलाएं जिससे उनका विभिन्न बीमारियों से बचाव हो सके।

About Author