दृष्टिहीन-गरीब की पत्नी के एनीमिया का नि:शुल्क हुआ इलाज

दृष्टिहीन-गरीब की पत्नी के एनीमिया का नि:शुल्क हुआ इलाज
आयुष्मान भारत योजना
लकवाग्रस्त गरीब रमजान की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें अब हुई दूर
आयुष्मान टीम, सहयोगी डॉक्टरों का जताया आभार
जिले में अब तक 17,331 लोगों ने आयुष्मान भारत योजना में कराया इलाज
उनके इलाज मे 19.47 करोड़ रुपये से ज्यादा हुए खर्च
जौनपुर,
केस 1- गौराबादशाहपुर के कौआपार के जोखन यादव गरीब व दृष्टिहीन हैं।
उनकी पत्नी चिंता को खून की बहुत कमी थी। कमजोरी के साथ उसे पेट दर्द और कब्ज की समस्या भी रहती थी। जोखन ने चिंता का 26 जून को पचहटिया स्थित कुंवरदास सेवाश्रम हास्पिटल से आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज कराया।
केस 2- महराजगंज ब्लॉक के कठार गांव के रमजान (75) को खांसी आती थी। उन्हें लकवा का भी असर था। खाना अच्छा नहीं लगता था। जीभ काली पड़ गई थी और पेट भी साफ नहीं रहता था। उन्होंने कन्धरपुर स्थित सॉल्यूशन हास्पिटल में आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज कराया। डिस्चार्ज होकर आने के बाद भी अस्पताल निशुल्क मिली।
यह तो सिर्फ बानगी भर है। आयुष्मान भारत के जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) डॉ बद्री विशाल की मदद से ऐसे सैकड़ों लोग जिले में लाभान्वित हो रहे हैं जो धन की कमी के चलते इलाज नहीं करवा पाए थे।
मुख्य चिकित्साधिकारी सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह बताती हैं, इस तरह से अभी तक जिले में 17,331 लोगों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कराया है और उनके इलाज मे 19.47 करोड़ रुपये से खर्च हुए हैं। आयुष्मान भारत की टीम जनपद में 1,42,205 लक्षित परिवारों के 7,11,025 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रयास कर रही है। जनपद में अंत्योदय राशन कार्ड के कुल 1,25,472 लाभार्थी परिवार हैं जिनसे संबंधित 4,14,516 लाभार्थी हैं। अब सभी अंत्योदय राशन कार्ड धारक अपने परिवार के सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। आयुष्मान कार्ड धारक योजना के तहत 05 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज पूरे देश में सूचिबद्ध किसी भी अस्पताल में करवा सकता है। जनपद में अभी तक 4,41,483 लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। जनपद की आयुष्मान की टीम लाभार्थियों का पूरा सहयोग करती है जबकि साल्वेशन हास्पिटल के डॉ विवेक श्रीवास्तव, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सचिव डॉ जाफरी भी मरीजों का बहुत सहयोग करते हैं।
नोडल एसीएमओ डॉ राजीव कुमार कहते हैं कि योजना के तहत 05 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज पूरे देश में सूचीबद्ध किसी भी अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारक करवा सकता है। आयुष्मान कार्ड होने पर लाभार्थी देश के किसी भी बड़े चिकित्सालय जैसे आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस (एम्स), बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), टाटा मेमोरियल, पीजीआई में भी इलाज करा सकता है। योजना के तहत इलाज के लिए जनपद में सरकारी अस्पताल से लेकर प्राइवेट अस्पतालों में विशेष विशेषज्ञता वाले डॉक्टरों के माध्यम से इलाज की सुविधा है।
उन्होंने जनपद के लाभार्थियों से अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी किसी को इलाज में दिक्कत आ रही है तो राज्य स्तर से गठित डिस्ट्रिक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट के अधिकारियों से सम्पर्क कर सकता है। जनपद की डिस्ट्रिक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट में जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक हिमांशु शेखर सिंह-91 90441 17874, जिला समन्वयक डॉ बद्री विशाल पांडे-91 94151 33125, जिला शिकायत प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव-91 70803 69406 हैं। इन नम्बरों पर फोन कर कोई भी सहयोग ले सकता है। आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध जनपद के सरकारी/निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान आने वाली समस्याओं का निराकरण करने में डिस्ट्रिक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट पूरा सहयोग करती है जबकि निजी अस्पतालों में नोडल अधिकारी पूरा सहयोग देते हैं।
1670 बीमारियों का नि:शुल्क इलाज: योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक हिमांशु शेखर सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में 1670 के लगभग बीमारियों का इलाज किया जाता है जिनमें कैंसर, हृदय रोग, हड्डी रोग, सभी प्रकार की सर्जरी, न्यूरो आदि से संबंधित बीमारियों के इलाज की सुविधा है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का जिन्हें पत्र मिला है। अंत्योदय कार्ड (गुलाबी राशनकार्ड) धारक, बिल्डिंग एंड अदर कंसट्रक्शन वर्कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। वह पत्र के साथ राशनकार्ड और आधार कार्ड लेकर नजदीकी आयुष्मान मित्र या जनसेवा केंद्र के विलेज लेवल इन्टरप्रीनियर (वीएलई) से सम्पर्क कर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
कहां-कहां बनेगा कार्ड: योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक हिमांशु शेखर सिंह ने बताया कि कार्ड सभी कोटेदारों के घर पर बनाया जाएगा। पंचायत भवन में सहायक पंचायत आपरेटर बनाएंगे। कामन सर्विस सेंटर पर विलेज लेवल इंटरप्रेन्योर (वीएलई) बनाएंगे। निजी अस्पतालों के आयुष्मान मित्र भी आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। इन सभी जगहों पर कार्ड नि:शुल्क बनेगा। अब सभी अंत्योदय राशन कार्ड धारक अपने परिवार के सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
