Jaunpur news तीन महीने पहले हुई थी शादी, कमरे में मिले पति-पत्नी के शव खुटहन में सनसनी

IMG-20260903-WA0020
Share

तीन महीने पहले हुई थी शादी, कमरे में मिले पति-पत्नी के शव खुटहन में सनसनी
बेड पर पड़ी थी नवविवाहिता की लाश, फंदे से लटक रहा था पति का शव; रात में हुआ था विवाद

जौनपुर खुटहन थाना क्षेत्र के तिसौली गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही कमरे में नवविवाहित दंपती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। 20 वर्षीय नेहा का शव कमरे के अंदर बेड पर पड़ा मिला, जबकि उसके 22 वर्षीय पति गोविंद गौतम का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकता मिला। दोनों की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद ग्रामीणों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए। सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों को संदेह हुआ। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में नेहा मृत अवस्था में बेड पर पड़ी थी, जबकि गोविंद का शव फंदे से लटक रहा था।
10 मई को हुई थी शादी
गोविंद गांव निवासी मिठाईलाल का पुत्र था। उसकी शादी इसी वर्ष 10 मई को नेहा के साथ हुई थी। शादी को अभी तीन महीने ही बीते थे। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद के चलते नेहा के कई बार मायके जाने की बात भी सामने आई है।
परिजनों के अनुसार, घर में गोविंद के पिता मिठाईलाल रहते हैं, जबकि उसका छोटा भाई धर्मेंद्र रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। गोविंद की मां का पहले ही निधन हो चुका है।
पत्नी की मौत और पति के फंदे पर मिलने से उठे सवाल
एक ही कमरे में पति-पत्नी के शव मिलने से घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। नेहा की मौत किस वजह से हुई और उसके बाद गोविंद ने फंदा क्यों लगाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है और हुए विवाद को भी जांच का महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है।
थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महज तीन महीने पहले शुरू हुई इस नवदंपती की गृहस्थी का अचानक इस तरह खत्म हो जाना पूरे गांव के लिए गहरा सदमा है। घटना के बाद से तिसौली गांव में मातम पसरा हुआ है।