August 27, 2026

Jaunpur news रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई और डेयरी उत्पादों के लिए 7 नमूने

Share


रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई और डेयरी उत्पादों के लिए 7 नमूने
जौनपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए नमूने लिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने 26 अगस्त को तेजी बाजार-बदलापुर स्थित कोलकाता स्वीट हाउस से पेड़ा, वाजिदपुर तिराहा आजमगढ़ रोड स्थित चटोरी रेस्टोरेंट से मंचूरियन तथा औवार, केराकत स्थित अवधेश कुमार यादव की डेयरी यूनिट से पनीर का नमूना लिया।
इसके अलावा जलालपुर चौराहा स्थित अशोक कुमार यादव की दुकान से डोडा बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। कबीरुद्दीनपुर, धर्मापुर स्थित साई डेयरी एवं मिष्ठान भंडार से बूंदी के लड्डू, खोया और छेना के नमूने लिए गए।
विभाग के अनुसार अभियान के दौरान कुल 7 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।
खाद्य विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 और विनियमावली-2011 के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन के मद्देनजर विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई और डेयरी उत्पादों का कारोबार करने वाले दुकानदारों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

About Author