Jaunpur news मजदूर पर जानलेवा हमला, खून से लथपथ हालत में मैदान से मिला; गंभीर हालत में BHU रेफर

Share


जौनपुर में मजदूर पर जानलेवा हमला, खून से लथपथ हालत में मैदान से मिला; गंभीर हालत में BHU रेफर
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर गांव में एक 40 वर्षीय मजदूर पर अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल मजदूर देर रात गांव के पास स्थित राम लखन सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बैजारामपुर निवासी संजय कुमार उर्फ पिंटू (40), पुत्र स्वर्गीय हरिलाल, रोजाना शहर में मजदूरी करने जाते थे। शनिवार रात करीब नौ बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह कॉलेज मैदान में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलने पर शीकारपुर चौकी प्रभारी ताड़केश्वर प्रसाद राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया।
घायल की पत्नी ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पहले उनके पति को जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

About Author