Jaunpur news इनकम टैक्स अधिकारी बनकर पहुंचे शातिर, सर्राफा कारोबारी से लाखों के जेवर समेटने की कोशिश, ग्रामीणों ने तीन को दबोचा
इनकम टैक्स अधिकारी बनकर पहुंचे शातिर, सर्राफा कारोबारी से लाखों के जेवर समेटने की कोशिश, ग्रामीणों ने तीन को दबोचा
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर पुरानी बाजार में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर पहुंचे बदमाशों की बड़ी साजिश ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हो गई। सर्राफा कारोबारी की दुकान पर छापेमारी का नाटक कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर भागने की कोशिश कर रहे पांच बदमाशों में से तीन को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो से पहुंचे पांच लोगों ने खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताते हुए कारोबारी से जांच के नाम पर दुकान का लॉकर खुलवाया। आरोप है कि उन्होंने लॉकर से सोने-चांदी के जेवर निकलवाकर एक बैग में भर लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने कारोबारी और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, कारोबारी का लाइसेंसी रिवॉल्वर भी अपने कब्जे में ले लिया।
रिवॉल्वर जब्त किए जाने पर कारोबारी को शक हुआ और उन्होंने पत्नी के साथ शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनते ही आसपास के व्यापारी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बदमाशों को घेर लिया, जिससे दो आरोपी पैदल भाग निकले, जबकि तीन को बोलेरो समेत पकड़ लिया गया। आक्रोशित लोगों ने तीनों की जमकर धुनाई भी कर दी।
सूचना मिलने पर रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। जांच के दौरान बोलेरो पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध मिली, जो प्रारंभिक जांच में एक बाइक के नंबर की बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार दो बदमाशों की तलाश में जुटी है। देर शाम तक बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्रामीण थाने पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे।
