Jaunpur news मां सरस्वती की आराधना के साथ आरएसकेडी पीजी कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, विद्यार्थियों को अनुशासन का संदेश
मां सरस्वती की आराधना के साथ आरएसकेडी पीजी कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ, विद्यार्थियों को अनुशासन का संदेश
जौनपुर। राजा श्री कृष्ण दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय (आरएसकेडी पीजी कॉलेज) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के पूजन, हवन और वैदिक मंत्रोच्चार से हुई। पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण के बीच नए सत्र के सफल संचालन और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
महाविद्यालय के प्रबंधक सत्यराम प्रजापति एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शंभू राम ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। वैदिक अनुष्ठान डॉ. रजनीकांत द्विवेदी, डॉ. गंगाधर शुक्ला और डॉ. मृत्युंजय मिश्र ने संपन्न कराया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी मां सरस्वती का पूजन कर नए शैक्षणिक सत्र के सफल संचालन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक और प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि संस्कारवान, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनना भी है।
प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन, समयपालन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
