Jaunpur news मार्निंग वॉक से लौट रही वृद्धा से दिनदहाड़े चेन लूट, बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी में कैद
इशरत हुसैन की रिपोर्ट
मार्निंग वॉक से लौट रही वृद्धा से दिनदहाड़े चेन लूट, बाइक सवार बदमाश सीसीटीवी में कैद
-विरोध पर महिला को धक्का देकर किया घायल, 10 ग्राम सोने की चेन लेकर फरार
-पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह चेन स्नेचिंग की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। ताड़तला स्थित बजरंग घाट मोहल्ले में मार्निंग वॉक से घर लौट रही एक वृद्धा से बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार बजरंग घाट, ताड़तला निवासी श्रीमती दमयंती देवी (पत्नी हीरालाल वर्मा) सोमवार सुबह करीब 6:05 बजे मार्निंग वॉक कर अपने घर के निकट पहुंची थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और गले में पहनी करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। जब वृद्धा ने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर घायल हो गईं। इसके बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल वृद्धा की मदद की। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। पीड़िता के पुत्र संदीप कुमार वर्मा ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुबह के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की दुस्साहसिक वारदात होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने तथा चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना कैमरे में कैद होने की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
