Jaunpur news खेतासराय में ट्रेन आरक्षण काउंटर खोलने की उठी मांग
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
खेतासराय में ट्रेन आरक्षण काउंटर खोलने की उठी मांग
भाजपा नेता मनीष ने कई ट्रेनों के ठहराव के लिए दिया ज्ञापन
खेतासराय,जौनपुर। व्यापारिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण जिले के खेतासराय रेलवे स्टेशन पर बंद पड़े आरक्षण काउंटर को पुनः चालू कराने व प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की बहाली की मांग अब जोर पकड़ने लगी है।
भाजपा मंडल महामंत्री मनीष धर्मरक्षक की अगुआई में गुरुवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल
क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव से लखनऊ में मुलाकात करके प्रमुख मांगों के संबंध में महत्वपूर्ण ज्ञापन दिया।
जिसमें स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं छात्रों की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आवाज बुलंद की है। राज्यमंत्री श्री यादव के माध्यम से रेल मंत्री को अनुशंसा पत्र भेजने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि कर्मचारियों की कमी के कारण खेतासराय रेलवे स्टेशन का आरक्षण केंद्र लंबे समय से बंद पड़ा है। जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और व्यापारियों को टिकट आरक्षण के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है इसके अलावा ज्ञापन में रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई गई है। लोगों का कहना है कि पूर्व में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव खेतासराय स्टेशन पर था, जिसे बाद में समाप्त कर दिया गया। इससे क्षेत्र के यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ।
ज्ञापन के माध्यम से दून एक्सप्रेस (13009) एवं साबरमती एक्सप्रेस (19167/19168) का पूर्ववत ठहराव बहाल करने, फरक्का एक्सप्रेस (15743/15744) तथा वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस (14225/14226) को खेतासराय स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई है।
साथ ही वर्षों से बंद फैजाबाद-वाराणसी पैसेंजर (54109/54110) और वाराणसी-बालामऊ पैसेंजर (54333/54334) ट्रेनों को पुनः संचालित करने की भी मांग उठाई गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि आरक्षण केंद्र पुनः शुरू हो जाता है और प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाता है तो क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बाक्स
मांग पत्र के समय ये भी रहे मौजूद
खेतासराय।
नगर पंचायत खेतासराय के विकास के प्रति हमेशा समर्पण भाव रखने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता धर्म रक्षक मनीष गुप्ता के साथ डॉ. गजेंद्र पांडेय, शैलेश सिन्हा, राविंश गुप्ता, आदर्श श्रीवास्तव, वंश श्रीवास्तव सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
