Jaunpur news जौनपुर को जाम से राहत: बदलापुर पड़ाव–तूतिपुर के बीच पीपे का पुल जनता को समर्पित

IMG-20260412-WA0027
Share


जौनपुर को जाम से राहत: बदलापुर पड़ाव–तूतिपुर के बीच पीपे का पुल जनता को समर्पित
जौनपुर। शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए गोमती नदी पर बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक बने प्लाटून पुल (पीपे का पुल) का रविवार को लोकार्पण कर दिया गया। उत्तर प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पुल को जनता को समर्पित किया।
करीब 66.75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया है। इस अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गोमती नदी शहर को दो हिस्सों में बांटती है, जिससे आवागमन के लिए सीमित पुलों पर अत्यधिक दबाव रहता है और जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में यह नया प्लाटून पुल आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
उन्होंने बताया कि पहले सिपाह अचला देवी घाट से मियापुर के बीच एक पीपे का पुल बनाया जा चुका है, जबकि अब बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक यह दूसरा पुल शुरू होने से कटघरा, ताड़तला, मखदूम शाह अढ़न, अबीरगढ़ टोला, तूतिपुर, पानदरीबा और पुरानी बाजार समेत कई इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
मंत्री ने यह भी बताया कि शास्त्री पुल के समानांतर एक स्थायी पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें हो रही देरी को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत की थी। इसके बाद मामले में कार्रवाई हुई है और अब निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
लोकार्पण कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्रा, नगर अध्यक्ष कमलेश निषाद, जिला महामंत्री अजय सिंह, मनीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, सभासद नंदलाल यादव, विष्णु सेठ, सिपिन सिंह, मुन्ना सिंह, ब्रह्मेश शुक्ला, अभिषेक श्रीवास्तव, दीपू मिश्रा, जय विजय सोनकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।