August 28, 2026

Jaunpur news वार्षिकोत्सव में झलकी प्रतिभा, ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली से शिक्षा का संदेश

Share

वार्षिकोत्सव में झलकी प्रतिभा, ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली से शिक्षा का संदेश
जौनपुर। विकासखंड सिरकोनी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खलीलपुर में बुधवार को वार्षिकोत्सव एवं ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों के साथ-साथ वर्षभर सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 6 में नव नामांकित छात्रों को कॉपी, पेंसिल व पेंसिल बॉक्स वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, राष्ट्रीय आय प्रतिभा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र सौरभ और अमन को साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके अभिभावकों को भी माल्यार्पण कर सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक पंकज सिंह ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सभी अतिथियों, अभिभावकों व उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर जिला समन्वयक दुर्गेश पटेल, एआरपी विनय कुमार यादव, पूर्व एनपीआरसी धर्मेंद्र कुमार सिंह, पूर्व एआरपी रुद्रसेन सिंह (राना), इंदु प्रकाश यादव सहित विद्यालय के शिक्षक, स्टाफ, अभिभावक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About Author