January 26, 2026

Jaunpur news मुख्यमंत्री से मिले राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

Share


मुख्यमंत्री से मिले राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन

Jaunpur news जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कर्मचारी संघ पदाधिकारियों समेत राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान विश्वविद्यालय कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक पहल और जल्द समाधान का भरोसा दिया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. संजय शुक्ला, महामंत्री नंदकिशोर सिंह (अध्यक्ष, पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ), तथा संगठन मंत्री रमेश यादव (महामंत्री, पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ) ने किया।

मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात में कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं—जैसे अवकाश नकदीकरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, संविदा/तदर्थ कर्मचारियों के विनियमन, और अन्य प्रशासनिक मुद्दों—पर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से राज्य कर्मचारी महासंघ के निर्वाचित प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता का अनुरोध भी किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र समय देने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है, और इस दिशा में आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे। यह बैठक कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जो उनके अधिकारों और कल्याण के प्रति सरकार की सकारात्मक सोच और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के सहयोग और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यह संवाद आने वाले समय में ठोस परिणाम देगा।


About Author